कैराना बार एसोसिएशन चुनाव: जानिए किसके सिर सजा ताज

कैराना। बार एसोसिएशन कैराना की वार्षिक कार्यकारिणी के गठन हेतु तीन पदों पर चुनाव संपन्न हो गया। मतदान के दौरान 251 मतों में से 246 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद पर अशोक कुमार व महासचिव पद पर सालिम अली निर्वाचित हुए। जबकि कोषाध्यक्ष पर मनीष कौशिक को चुनाव आयुक्तगण द्वारा विजयी घोषित किया गया। इसके अलावा अन्य पदों पर निर्विरोध हुए। वहीं, नवनिर्वा​चित पदाधिकारियों का अधिवक्ताओं ने माल्यार्पण कर स्वागत किया और मिठाइयां वितरित की गई। 


 बुधवार को बार एसोसिएशन कैराना की 2021 की कार्यकारिणी के गठन हेतु अध्यक्ष, महासचिव व कोषाध्यक्ष पद हेतु बार भवन में मतदान हुआ। चुनाव आयुक्तगण चेयरमैन ब्रह्मपाल सिंह चौहान तथा सदस्य रियासत अली, मुख्तार हुसैन, जयवीर सिंह व दिनेश कुमार की देखरेख में सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान चला। मतदान को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बार भवन के बाहर प्रत्याशी भी जमे रहे। मतदान का समय पूर्ण होने के बाद मतगणना हुई। इसके बाद चुनाव आयुक्तगण की ओर से परिणाम घोषित कर दिए गए। चुनाव आयुक्त चेयरमैन बीपीएस चौहान ने बताया कि कुल 251 वोटों में से 246 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद पर अशोक कुमार ने 161 मत व जयपाल सिंह ने 84 मत प्राप्त किए। जबकि एक मत निरस्त कर दिया गया। इस प्रकार अशोक कुमार को 77 मतों से विजयी घोषित किया गया। महासचिव पद पर सालिम अली को 138 व संजय कश्यप को 105 मत मिले। जबकि तीन मत निरस्त किए गए। इस प्रकार सालिम अली 33 मतों से विजयी हुए। वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर मनीष कौशिक ने 166 व जाकिर हुसैन ने 78 मत प्राप्त किए। जबकि दो मत निरस्त किए गए। इस प्रकार मनीष कौशिक को 88 मतों से विजयी घोषित किया गया। चुनाव आयुक्तगण ने बार एसोसिएशन को धन्यवाद दिया। उधर, चुनाव आयुक्तगण द्वारा चुनाव परिणाम घोषित किए जाने के बाद अधिवक्ताओं में हर्ष की लहर दौड़ गई। अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर उनका जोरदार स्वागत किया तथा एक—दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी का इजहार किया। इस दौरान चौधरी वसीम अहमद, प्रवेज जंग, कैसर कय्यूम, सलमान चौहान, सरवेज जंग, इंतजार अहमद, अनुज रावल, आसिफ चौहान, प्रमोद चौहान, शाकिर चौहान, नदीम अंसारी, नीरज चौहान, रविंद्र कुमार, रिजवान अली, इमरान चौहान, अफजाल अहमद, खड़क सिंह चौहान, मगन सिंह चौहान, महेंद्र सिंह, अरशद खान आदि अधिवक्तागण मौजूद रहे।

ये हुए निर्विरोध घोषित

वरिष्ठ उपाध्यक्ष राधेश्याम गोयल, कनिष्ठ उपाध्यक्ष अफसर अली, सचिव प्रशासनिक जयदीप चौहान, सचिव पुस्तकालय सदारत अली, वरिष्ठ सदस्यगण विनय शर्मा, जयपाल सिंह कश्यप, ओमप्रकाश चौहान व इमरान चौहान तथा कनिष्ठ सदस्यगण सन्नी कुमार शर्मा, अदनान, शफकत खान व मौ. आरिफ निर्विरोध घोषित किए गए।

Comments