कांवड़ मार्ग पर पालिका प्रशासन ने शुरू की तैयारियां
कैराना। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर नगर पालिका परिषद प्रशासन की ओर से मार्ग पर तैयारियां शुरू कर दी गई है। जहां सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराया जा रहा है।
   आगामी माह चार जुलाई से श्रावण मास की कांवड़ यात्रा शुरू होने जा रही है। इसी को लेकर नगर पालिका परिषद कैराना प्रशासन भी अपनी तैयारियों में जुट गया है। मंगलवार को पालिकाध्यक्ष शमशाद अहमद अंसारी व अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह के संयुक्त निर्देशन में पालिका की ओर से कांवड़ मार्ग पर सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान जेसीबी मशीन के साथ ही कर्मचारियों ने साफ-सफाई की। इसके अलावा कांवड़ मार्ग के नजदीक उगी झाड़ भी उखाड़ दी गई और कूड़ा-कर्कट उठाया गया। 
       वहीं, अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने सफाईकर्मियों को सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
     उधर, पालिका के सफाई लिपिक रविंद्र कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही कांवड़ मार्ग पर प्रकाश और अस्थाई डिवाइडर की व्यवस्था भी कराई जाएगी।