👉 पूर्व कैबिनेट मंत्री ने मृतक किसान के परिजनों को दी सांत्वना
👉 बोले, हत्यारोपियों पर कार्यवाही बनेगी नजीर
कैराना (शामली)। पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने मृतक किसान के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि हत्यारोपियों पर ऐसी कार्यवाही होगी, जो नजीर बनेगी। कहा कि यदि अपराधी कब्र में भी छिपा होगा, तो उसे वहां से भी निकालकर कार्यवाही की जाएगी।
सोमवार की प्रात: करीब 11 बजे भाजपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा नगर के मोहल्ला आलकलां में मृतक किसान देवेंद्र सिंह उर्फ देवी के आवास पर पहुंचे। किसान की गत नौ जून की रात में बदलूगढ़ में स्थित घेर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पूर्व कैबिनेट मंत्री ने घटना पर शोक संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने सीओ श्याम सिंह व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह से हत्यारोपियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करने के लिए कहा है। इसके बाद वह कलस्यान चौपाल पर पहुंचे। जहां मीडियाकर्मियों से बातचीत की। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री ने बदलूगढ़ में किसान देवेंद्र सिंह उर्फ देवी व मामौर में हरियाणा वासी किसान देवेंद्र देशवाल की हत्या पर दु:ख जताया। उन्होंने कहा कि गुंडों ने नृशंस हत्याकांड को अंजाम दिया। आरोपी एनकाउंटर में भी जेल भेजे गए हैं। दोनों घटनाओं के संबंध में डीजीपी से बात हुई है। यूपी में योगी सरकार है। यहां की कानून व्यवस्था पूरे देश के के लिए नजीर है। किसी गुंडे व माफिया को छूट नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि पूर्व में कैराना में लोगों में दहशत थी और व्यापारी पलायन करता था। दिन में भी गुंडे—माफिया हावी थे। जब से यूपी में योगी सरकार आई है, तब से हालात बदले हैं। लोगों का उत्साह बढ़ा है। मजबूत कानून व्यवस्था मिली है। व्यापारियों के हौंसले बढ़े हैं और किसानों के चेहरे पर खुशी है। मुख्यमंत्री योगी ने खुद कैराना का दौरा किया था। पीएसी कैंप भी बन रहा है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को कैराना का विकास और बढ़ता उद्योग अच्छा नहीं लगता। यहां के किसानों की खुशहाली अच्छी नहीं लगती। उन्होंने कहा कि बीच—बीच में राजनीतिक संरक्षण में इस प्रकार की घटनाओं को अपराधी अंजाम देते हैं। यदि अपराधी कब्र में भी छिपा होगा, वहां से निकालकर भी उनके विरूद्ध कठोर कार्यवाही होगी। अपराधियों के संरक्षणकर्ता भी नहीं बख्शे जाएंगे। यह कार्यवाही नजीर बनेगी। अपराधी की सात पीढ़ियां भी साहस नहीं जुटा पाएगी। योगी सरकार में अपराध पर पूरी तरह अंकुश है। पुलिस कार्यवाही को कटिबद्ध है। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल चौहान आदि मौजूद रहे।
===================================