गंगोह सीट: प्रियंका गांधी ने भाजपा पर लगाया ये बड़ा आरोप


लखनऊ: सहारनपुर की गंगोह विधानसभा सीट के उपचुनाव परिणाम को लेकर कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा पर ट्विटर के जरिए निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने गुरुवार को ट्वीट किया कि 'भाजपा इतने अहंकार में है कि गंगोह में हमारे जीतते प्रत्याशी को काउंटिंग सेंटर से निकालकर उनका मंत्री जनता का निर्णय बदलने के प्रयास में हैं। डीएम को पांच-पांच बार फोन पर लीड कम करवाने के आदेश आ रहे थे। यह लोकतंत्र का अपमान है।' प्रियंका ने यह भी लिखा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ सख्ती से लड़ेगी। निर्वाचन आयोग इस मामले की निष्पक्षता से जांच कराए। गौरतलब है कि गंगोह विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने नौमान मसूद को अपना प्रत्याशी बनाया था। इस सीट पर भाजपा के किरत सिंह की जीत की आधिकारिक तौर पर घोषणा हो चुकी है।