भाजपा ने किया गुंडागर्दी का खात्मा: सुरेश राणा

 

- सरस्वती शिशु मंदिर के वार्षिकोत्सव में पहुंचे कैबिनेट मंत्री

- बच्चों को शिक्षा के लिए किया प्रेरित

 

       

कैराना। कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि पहले व्यापारी वर्ग ख़ौफ़ज़दा था, लेकिन अब व्यापारी निर्भीक होकर अपना व्यापार कर रहा है। भाजपा ने कैराना ही नहीं, बल्कि प्रदेश में गुंडागर्दी का खात्मा किया है।

   शनिवार को प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा नगर के सरस्वती शिशु मंदिर के वार्षिकोत्सव में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रुप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री द्वारा मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश भी दिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा ने गुंडागर्दी का खात्मा किया है। कैराना में व्यापारी ख़ौफ़ज़दा थे, लेकिन यहां अब व्यापारी बेखौफ होकर अपना कारोबार कर रहे हैं। पलायन करने वाले लोग भी भाजपा सरकार में वापस लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में जनता को बिजली अच्छी मिल रही है। कैराना में जल्द ही रोडवेज बस स्टैंड का उद्घाटन किया जाना है। पीएसी कैंप का शिलान्यास भी होगा। मुख्यमंत्री यहां आएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बेटियां भी पुलिस में हिस्सेदारी कर रही है। कैबिनेट मंत्री ने बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर गणमान्य नागरिकों के साथ साथ विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।