संदिग्ध परिस्थितियों में बंद घर में महिला का शव मिलने से मचा हड़कंप, बेटा लापता
हाथरस। सदर कोतवाली क्षेत्र के घंटाघर गांधी चौक इलाके में मंगलवार की देर रात घर के भीतर महिला शव मिलने से हड़कंप मच गया। घर के बाहर से ताला लगा हुआ था। मृतक महिला का नाम 46 वर्षीय रीता अग्रवाल बताया गया है। इस महिला का एक 22 वर्षीय बेटा है जो लापता है। महिला के सिर पर चोट के निशान थे और नाक से खून निकला था। कई घंटे से शव घर में पड़ें रहने की आंशका जताई गई है। जानकारी के मुताबिक घर में केवल मां-बेटे ही रहते थे। पुलिस ने मौके पर डाग स्क्वाॅयड व फांरेसिक टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया। रीता अग्रवाल के पति संजय अग्रवाल की छह वर्ष पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। एक बेटी की शादी हो चुकी है। घर में मां के साथ 22 वर्षीय बेटा यश अग्रवाल रहता है। यश की घर के नीचे ही स्नैक्स और कन्फेक्शनरी का थोक का काम है। हाथरस में ही रहने वाले ललित ने मंगलवार शाम को बहन रीता अग्रवाल को फोन लगाया तो फोन रिसीव नहीं हुआ फिर उन्होंने कई बार फाेन किए। इसके बाद उन्होंने भांजे यश को काल की तो उसने भी फाेन नहीं उठाया। उन्होंने घर जाकर देखा तो वहां ताला लगा हुआ था। उन्होंने इसकी सूचना अन्य रिश्तेदारों को दी। पुलिस को भी सूचित किया गया। पुलिस ने रिश्तेदारों की मौजूदगी में घर का ताला तुड़वाया तो ऊपर के कमरे में रीता अग्रवाल का शव बेड पर पड़ा हुआ था। उनका बेटा भी लापता है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी का पता लगा रही है। पुलिस को मिली देर रात सूचना : मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे थाना हाथरस गेट क्षेत्र निवासी प्रदीप कुमार गोयल द्वारा सदर कोतवाली पर सूचना दी कि उनकी साली रीता अग्रवाल पत्नी स्व. संजय अग्रवाल उम्र करीब 50 वर्ष निवासी गांधी चौक, घण्टाघर थाना कोतवाली नगर, बुधवार सुबह से दिखाई नहीं दी है, घर पर ताला लगा हुआ है और मोबाईल भी बन्द है। इस सूचना पर तत्काल उच्चाधिकारीगण एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर द्वारा मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना के बारे में जानकारी की गई। तो ज्ञात हुआ कि रीता अग्रवाल अपने पुत्र यशु अग्रवाल उम्र करीब 22 वर्ष के साथ रहती थी। यशु अग्रवाल घर से लापता है तथा घर चारों तरफ से पूरी तरह बन्द है, पुलिस की उपस्थिति में वीडियोग्राफी कराते हुए परिजनों द्वारा घर का ताला तोडकर देखा गया तो मृतका उपरोक्त का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बिस्तर पर पड़ा हुआ मिला। प्रथमदृष्टया घर में किसी बाहरी व्यक्ति का आना नहीं पाया गया और न ही घर में रखी किसी बस्तु/सम्पत्ति से कोई छेडछाड होना पाया गया। पुलिस द्वारा मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भिजवाया गया तथा मौके पर डॉग स्कवॉयड व फॉरेन्सिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, तथा पुलिस द्वारा प्रत्येक पहलू की जांच करते हुए अग्रिम आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है । कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।