खुशखबरीः नगर पालिका परिषद कैराना के सीमा विस्तार को हरी झंड़ी

- योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी, नई बस्तियों में विकास को लगेंगे पंख

कैराना। नगर पालिका परिषद के सीमा विस्तार की लंबे समय से बांट जोह रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। योगी कैबिनेट ने कैराना नगर पालिका के सीमा विस्तार को हरी झंड़ी दे दी है। अब नगर पालिका परिषद का दायरा करीब 12.52 वर्ग किमी. बढ़ जाएगा। इससे नई बस्तियों के नगर क्षेत्र में शामिल होने से विकास को पंख लेंगे।
   कैराना नगर की जनसंख्या बढ़ने के साथ ही चारों ओर नई बस्तियां बस गई है। नगर की आबादी से सटा देहात भी है। दशकों से नगरपालिका का क्षेत्रफल करीब 5.11 वर्ग किमी. चला आ रहा था। इस कारण नई बस्तियों के लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित थे। इसको देखते हुए नगर पालिका परिषद कैराना के सीमा विस्तार की प्रक्रिया शुरू हुई। 20 दिसंबर 2020 को शासन ने नगर पालिका परिषद के सीमा विस्तार को लेकर अधिसूचना जारी की थी और आपत्ति मांगी गई थी। सीमा विस्तार को लेकर लगाई गई आपत्ति का भी निस्तारण कर दिया गया था। इसके बाद नगर पालिका परिषद कैराना के सीमा विस्तार का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। गत 12 जुलाई को नगर पालिका परिषद के सीमा विस्तार हेतु जिला प्रशासन से आख्या मांगी गई थी, जिस पर शासन को आख्या भेज दी गई थी। इसके बाद से शीघ्र ही नगर पालिका परिषद कैराना के सीमा विस्तार के लिए हरी झंड़ी मिलने की आस जगी थी।
        मंगलवार को योगी कैबिनेट की बैठक के दौरान नगर निकायों से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इनमें नगर पालिका परिषद कैराना भी शामिल हैं। यानी नगर पालिका परिषद का भी सीमा विस्तार होगा। बताया जा रहा है कि नगर पालिका परिषद कैराना का 12.52 वर्ग किमी. दायरा बढ़ाया जाएगा, जिसके बाद नगर पालिका परिषद कैराना का कुल दायरा बढ़कर 17.63 वर्ग किमी. हो जाएगा।
---
इन बस्तियों में मिलेगी सुविधाएं
नगर पालिका परिषद कैराना के सीमा विस्तार को मंजूरी मिलने के बाद नई बस्तियों में रहने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेगी। जहां नगर पालिका परिषद की ओर से विकास कराया जाएगा। बताया जा रहा है कि आर्यपुरी, इस्लामनगर, बदलूगढ़, झाड़खेड़ी रोड, गुलशन नगर, भूरा रोड, कांधला रोड आदि के बाशिंदे सीमा विस्तार हो जाने के बाद नगर से जुड़ जाएंगे।