कार्तिक पूर्णिमाःयमुना घाट पर प्रशासन ने कराई सफाई
- यमुना नदी पर मंगलवार को उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, गोताखोर व पुलिस रहेगी तैनात
कैराना। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यमुना घाट पर एसडीएम के निर्देश पर नगर पालिका प्रशासन की ओर से घाट पर साफ-सफाई कराई गई है। वहीं, मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा पर यमुना पर भारी संख्या में श्रद्धालु पुण्यकर्म करेंगे।
        नगर पालिका परिषद कैराना के सफाई लिपिक रविंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा स्नान है। राज्य यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर स्थित यमुना घाट पर एसडीएम कैराना शिवप्रकाश यादव के निर्देश पर सोमवार को नगर पालिका परिषद कैराना के लगभग एक दर्जन कर्मचारियों द्वारा यमुना घाट पर सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान साफ-सफाई करते हुए कूड़ा-कर्कट उठवाया गया। 
      वहीं, कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर मंगलवार को दोनों प्रदेशों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु यमुना घाट पर पहुंचकर दान-पुण्यकर्म करेंगे। इसको लेकर यमुना घाट पर सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस व गोताखोर तैनात रहेंगे। 
        उधर, एसडीएम शिवप्रकाश यादव ने बताया कि नगर पालिका को निर्देशित कर यमुना घाट पर साफ-सफाई करा दी गई है।