कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब

— यूपी—हरियाणा राज्य के हजारों श्रद्धालुओं ने यमुना नदी में लगाई डुबकी
— सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस व गोताखोर रहे तैनात

कैराना। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के चलते यमुना नदी पर यूपी व हरियाणा से हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाते हुए सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। वहीं, सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस व गोताखोर तैनात रहे।
   मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा स्नान के चलते राज्य यूपी—हरियाणा बॉर्डर पर स्थित यमुना नदी पर तड़के से ही श्रद्धालु जुटने शुरू हो गए थे। पोह फटने के साथ ही दोनों प्रदेशों से श्रद्धालुओं की संख्या हजारों में पहुंच गई। श्रद्धालुओं ने यमुना घाट पर विशेष पूजा—अर्चना की, जिसके बाद यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगाई और सूर्य को अघ्र्य देते हुए परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि तथा खुशहाली की कामनाएं की गई। इसके साथ ही, ब्राह्मणों को दान—दक्षिणा भी दिया गया। 
          वहीं, यमुना घाट पर लगे मेले में श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की। इस दौरान खासा उत्साह महिलाओं एवं बच्चों में देखने को मिला, जिन्होंने अपने मन—पसंदीदा सामानों की खरीदारी की। बच्चों ने झूले का भी आनंद लिया। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के चलते सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस व गोताखोर तैनात रहे।