बार चुनाव में राजेंद्र अध्यक्ष व आलोक महासचिव निर्वाचित

- बार भवन में नई कार्यकारिणी गठन के लिए चुनाव हुआ संपन्न
-वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर जयपाल सिंह कश्यप निर्विरोध निर्वाचित हुए घोषित
- परिणाम घोषित होने पर अधिवक्ताओं ने मनाया जश्न

कैराना। बार एसोसिएशन कैराना की वार्षिक कार्यकारिणी के गठन हेतु चुनाव संपन्न हो गया है। अध्यक्ष पद पर ठाकुर राजेंद्र प्रसाद व महासचिव पद पर आलोक चौहान निर्वाचित घोषित हुए। कोषाध्यक्ष, सह सचिव प्रशासनिक पुस्तकालय व सह सचिव प्रशासनिक पर भी विजेताओं की घोषणा की गई। जबकि चार पदों के लिए निर्विरोध निर्वाचन हुआ। वहीं, परिणाम घोषित होने के बाद अधिवक्ताओं ने फूल-मालाएं डालकर एवं मिठाइयां वितरित कर जीत का जश्न मनाया।
         बुधवार को बार एसोसिएशन कैराना की वर्ष 2023 की नई कार्यकारिणी के गठन हेतु चुनाव आयुक्तगण एडवोकेट ईशपाल सिंह, प्रदीप कुमार जैन, ब्रह्मपाल सिंह चौहान, मुख्तार हुसैन व चौधरी रियासत अली की देखरेख में सुबह नौ बजे बार भवन में मतदान प्रारंभ हुआ। अध्यक्ष व महासचिव समेत पांच पदों के लिए दोपहर दो बजे तक मतदान हुआ। इस दौरान अधिवक्ता मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। 302 मतदाताओं में से कुल 296 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के पश्चात मतगणना हुई, जिसके बाद परिणाम घोषित किए गए। 
      अध्यक्ष पद पर ठाकुर राजेंद्र प्रसाद ने 150 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंदी ब्रह्म सिंह को चार मतों से पराजित किया। महासचिव पद पर आलोक चौहान को 203 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी सरवेज जंग को 93 मत पर संतोष करना पड़ा। वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर अनंत कुमार को 177, मो. अख्लाक को 72 व विनोद सिंह को 47 मत मिले, जिसमें अनंत कुमार 105 मतों से विजयी हुए। सह सचिव प्रशासनिक पुस्तकालय पद पर अमित कुमार को 167 व नदीम अहमद को 120 मत प्राप्त हुए। जबकि 19 वोट निरस्त पाई गई। इसमें अमित कुमार  47 मतों से विजयी घोषित किए गए। सह सचिव प्रशासनिक पद पर आदित्य कुमार को 143, अजय कुमार को 69 व मो. रिजवान को 72 मत मिले। जबकि 12 वोट निरस्त पाई गई और आदित्य कुमार 71 मतों से विजयी हुए। 
          उक्त के अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर जयपाल सिंह कश्यप, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सदारत अली, वरिष्ठ सदस्य पद पर मजहर हसन, कनिष्ठ सदस्य पद पर मो. कुर्बान, सखावत अली, सलमान व रविंद्र निर्विरोध निर्वाचित हुए। 
       चुनाव आयुक्तगण की ओर से परिणाम घोषित किए जाने पर अधिवक्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने विजेताओं को फूल-मालाएं डालकर जोरदार स्वागत किया। वहीं, मिठाइयां वितरित कर खुशी जाहिर की गई। इस अवसर पर सत्यवीर, राजवीर सिंह, मोहम्मद आरिफ सिद्दीकी, सुरेश चंद चौहान, शगुन मित्तल, अरशद चौहान, रवि वालिया, विनय शर्मा, संजय शर्मा, मोहम्मद आरिफ चौधरी, चौधरी नसीम अहमद, मोहम्मद नायाब सिद्दीकी, वसीम अहमद, आस मोहम्मद, अशोक कुमार, नीरज चौहान, गोविंद सिंह, बाबूराम गौतम, मेहरबान कुरैशी, राशिद चौहान, तारिक रजा, मोहम्मद आसिफ सिद्दीकी व शालिनी कौशिक आदि अधिवक्तागण मौजूद रहे।