वरमाला स्टेज पर पहुंची दुल्हन को पड़ा अटैक, हुई मौत
लखनऊ। शादी समारोह में उस समय कोहराम मच गया जब दुल्हन की स्टेज पर हार्ट अटैक पड़ने से मौत हो गयी। दुल्हन की मौत की खबर सुनकर बारातियों एवं जनातियों के होश उड़ गये। दुल्हन की भीगी पलकों वाले दिन सभी की आंखों में आंसू आ गये। परिजनों ने मृतक दुल्हन का अन्तिम संस्कार कर दिया।
      मलिहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम भदवाना निवासी राजपाल शर्मा की पुत्री शिमांगी शर्मा की बारात लखनऊ के बुद्धेश्वर निवासी राकेश शर्मा के पुत्र विवेक शर्मा से होनी थी। शुक्रवार बीती रात विवेक शर्मा दूल्हा बनकर हंसी खुशी बारात लेकर आया। ढोल नगाड़े बजे, हंसी खुशी द्वारचार कार्यक्रम हुआ। उसके बाद वरमाला की पूरी तैयारी हुयी। स्टेज पर वरमाला कार्यक्रम होने लगा, उसी दौरान दुल्हन शिमांगी शर्मा को हार्ट अटैक पड़ गया। परिजन आनन फानन उसे एक निजी अस्पताल ले गये। जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर देख लारी अस्पताल के लिये रेफर कर दिया। अस्पताल जब तक दुल्हन पहुंचती तब तक उसकी रास्ते में ही मौत हो गयी। यह खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गयी। देखते ही देखते खुशियाँ मातम में बदल गयीं। दुल्हन की मौत होने से दूल्हा बिना दुल्हन लिये ही बैरंग घर वापस चला गया। परिजनों ने शनिवार को गमगीन माहौल में मृतक दुल्हन का अन्तिम संस्कार कर दिया।