मरहूम मुनव्वर हसन की बरसी पर पेश की खिराज-ए-अकीदत
- पालिकाध्यक्ष के कैंप कार्यालय पर कुरआन ख्वानी कराकर कराई गई मगफिरत की दुआ
- पालिकाध्यक्ष द्वारा गरीब लोगों को वितरित किए गए कंबल
- मुनव्वर हसन को हासिल था देश के चारों सदनों के प्रतिनिधित्व का तमगा

कैराना। देश के चारों प्रमुख सदनों में सबसे कम आयु में प्रतिनिधित्व का तमगा हासिल करने वाले मरहूम सांसद मुनव्वर हसन को पुण्यतिथि पर याद किया गया। पालिकाध्यक्ष के कैंप कार्यालय पर कुरआन ख्ववानी कराते हुए मगफिरत की दुआ कराई गई। इसके अलावा पुष्प अर्पित कर खिराज-ए-अकीदत पेश करने के साथ ही पालिकाध्यक्ष द्वारा गरीब लोगों को कंबल वितरित किए गए।
     10 दिसंबर 2008 को दिग्गज नेता मुनव्वर हसन की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। शनिवार को मोहल्ला आलदरम्यान स्थित पालिकाध्यक्ष हाजी अनवर हसन के कैंप कार्यालय पर मरहूम चौधरी मुनव्वर हसन की पुण्यतिथि पर याद किया गया। पालिकाध्यक्ष हाजी अनवर हसन द्वारा कुरआन ख्वानी कराई गई। कुरआन ख्वानी के बाद मरहूम मुनव्वर हसन के लिए विशेष दुआ कराई। इसके अलावा मरहूम मुनव्वर हसन के चित्र के सम्मुख पुष्प अर्पित कर खिराज-ए-अकीदत पेश की गई। तत्पश्चात पालिकाध्यक्ष हाजी अनवर हसन द्वारा गरीब और बेसहारा लोगों को ठंड से बचाव हेतु कंबल वितरित किए गए। इस दौरान युवा समाजसेवी चौधरी अनम हसन, मुंशी अनवर अली, तौसीफ सिद्दीकी, इरफान सिद्दीकी, व्यापारी नेता विपुल जैन व सभासदगण आदि मौजूद रहे।