धक्का मार स्टार्ट दिल्ली पुलिस, कैदियों की सुरक्षा पर सवाल


कैराना। पेशी के दौरान खाकी कैदियों की सुरक्षा का दम भरती नजर आती है, लेकिन दिल्ली पुलिस की कैदियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय कोर्ट में कैदी को लेकर पहुंची दिल्ली पुलिस की बंदी रक्षक गाड़ी को जवानों द्वारा ही धक्का मारकर स्टार्ट करना पड़ा। अनफिट वाहन में पेशी कितनी सुरक्षित है, यह कहना मुश्किल है।
          जेलों से अभियुक्तों की कोर्ट में पेशी के दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए जाते हैं। मकसद यही है कि कहीं कोई चूक न हो जाए। इसके बावजूद अनफिट वाहन से कैदियों की सुरक्षा सवालों के घेरे में आ जाती है।
           शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से डीएल 1 वीसी-3514 बंदी रक्षक गाड़ी में पुलिस के जवान सोनू उर्फ नामक आरोपी को कैराना स्थित कोर्ट में पेशी पर लेकर पहुंचे। कोर्ट में पेश करने के बाद कैदी को पुनः बंदी रक्षक गाड़ी में बैठाया गया। फिर क्या था, गाड़ी स्टार्ट नहीं हुई। चालक ने भी काफी प्रयास कर दिए। इसके बाद पुलिस के जवान गाड़ी से नीचे उतरे और गाड़ी में आगे-पीछे धक्का मारा गया, जिसमें कुछ देर पसीना बहाने के बाद गाड़ी स्टार्ट हुई।
          ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या अनफिट बंदी रक्षक गाड़ी में ही कैदियों को लेकर सैकड़ों किमी. लंबा सफर तय किया जाता है ? दिल्ली से बड़े अपराधी भी कैराना में पेशी पर लाए जाते रहे हैं, यदि रास्ते में कोई चूक हुई, तो उसका जिम्मेदार कौन होगा। ऐसे में दिल्ली पुलिस एवं जेल के अधिकारियों को ध्यान देने की आवश्यकता है।