तुर्की—सीरिया के लोगों की मदद को बढ़े अंजुमन के हाथ


— अंजुमन खिदमत—ए—खल्क  जनसहयोग से भेजेगी खाद्य सामग्री, जरूरतमंदों को मिलेगी राहत

कैराना (शामली)। तुर्की और सीरिया में भूकंप की तबाही का दंश झेल रहे लोगों के लिए कैराना की सामाजिक संस्था अंजुमन खिदमत—ए—खल्क ने मदद के हाथ बढ़ाए हैं। अंजुमन की ओर से जनसहयोग के चलते शीघ्र ही खाद्य सामग्री दोनों देशों में भेजी जाएगी। इससे वहां के लोगों को राहत मिलेगी।
       समाजसेवा में अग्रणी कैराना की संस्था अंजुमन खिदमत—ए—खल्क ने तुर्की और सीरिया के जरूरतमंद लोगों की मदद करने का निर्णय लिया है। दरअसल, हाल ही में आए भूकंप के कारण दोनों देशों के लोग तबाही का दंश झेलने को मजबूर हो रहे हैं। अंजुमन के साथ में अमन फाउंडेशन भी भागीदारी कर रही है। यह संस्था जन सहयोग से खाद्य सामग्री की व्यवस्था कर रही है। इसमें लोग भी बढ़—चढ़कर भाग ले रहे हैं। 
        अंजुमन खिदमत—ए—खल्क के अध्यक्ष हाजी नसीम मंसूरी ने बताया कि तुर्की और सीरिया के लोग भूकंप के बाद से परेशान हैं। ऐसे जरूरतमंद लोगों के लिए राहत सामग्री भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि जन सहभोगिता के चलते दोनों देशों में दूतावास के माध्यम से शीघ्र ही खाद्य सामग्री भेजी जाएगी, जिससे कि जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके।
———

👉 कोरोना महामारी में भी घर—घर पहुंचाया राशन
अंजुमन खिदमत—ए—खल्क वर्षों से सामाजिक कार्य करती आ रही है। कोरोना महामारी के दौरान जब लॉकडाउन लगा था और लोग घरों से बाहर निकलने से परहेज कर रहे थे, उस समय भी उक्त अंजुमन मददगार साबित हुई थी। अंजुमन की ओर से बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंद लोगों के घरों तक राशन पहुंचाया गया था, जिसमें हजारों परिवारों की मदद हुई थी।