ईद का चांद नजर आया, ईद कल

- ईदगाह व जामा मस्जिद समेत नगर क्षेत्र की प्रमुख मस्जिदों में नमाज की तैयारियां पूर्ण
- दूध विक्रेताओं ने दूध पर कमाया भारी मुनाफा
कैराना। चांद नजर आने के साथ ही ईद-उल-फितर का त्योहार कल मनाया जाएगा। इसे लेकर बाजारों में लोगों ने शीर के लिए जमकर मेवा की खरीदारी की।
        शुक्रवार शाम ईद का चांद नजर आने के साथ लोग ईद की तैयारी में जुट गए है। वही, बच्चों में एक विशेष उत्साह देखने को मिला है।
        पवित्र रमजान-उल-मुबारक के रोजे रखने के बाद आने वाला खुशियों का त्योहार ईद-उल-फितर शनिवार को मनाया जाएगा। इस त्योहार पर मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा मीठे व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं। ईद पर्व को लेकर मुस्लिमों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को नगर के मुख्य चौक बाजार, बाजार बेगमपुरा, जुड़वा कुआं, पुराना बाजार, मीना मार्केट व जामा मस्जिद के निकट दुकानों पर पुरुष एवं महिलाओं की लाइन लगी रही। जहां पर उन्होंने ईद पर शीर के लिए मेवा आदि की जमकर खरीदारी की। इसके अलावा अन्य सामान खरीदने के लिए भी बाजारों में  भीड़ नजर आई। उधर, दूध विक्रेताओं ने दूध पर भारी मुनाफा कमाते हुए दूध की बिक्री की।
       उधर, ईद-उल-फितर की विशेष नमाज के लिए ईदगाह समेत प्रमुख जामा मस्जिद सहित अन्य बड़ी मस्जिदों में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। वही नगर पालिका परिषद कैराना के अधिशासी अधिकारी इन्द्रपाल सिंह के निर्देशन एवं सफाई लिपिक रविंद्र कुमार के नेतृत्व में ईद-उल-फितर की विशेष नमाज हेतु सफाई नायक शाहिद हसन द्वारा ईदगाह पर विशेष साफ सफाई अभियान चलाकर सफाई कार्य संपन्न कराया गया।
......

👉 ये है कैराना में ईद की नमाज का टाईमटेबल
प्राचीन ईदगाह : सुबह 7:30 बजे
जामा मस्जिद : सुबह 8:00 बजे
बीबो वाली मस्जिद : सुबह 7:00 बजे
खजूरो वाली मस्जिद : सुबह 7:15 बजे
सरायं वाली मस्जिद : सुबह 7:00 बजे
दरबार वाली मस्जिद : सुबह 7:45 बजे
मदरसा इशाअतुल इस्लाम: सुबह 9:15 बजे