ईदगाह परिसर में पालिका प्रशासन ने कराई सफाई
कैराना। ईद-उल-अजहा के त्यौहार को लेकर नगर पालिका परिषद प्रशासन की ओर से ईदगाह परिसर में सफाई कराई गई। इस दौरान अधिशासी अधिकारी ने निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
   आगामी 29 जून को ईद-उल-अजहा का पर्व मनाया जाएगा। पर्व के अवसर पर हजारों मुसलमान ईदगाह परिसर में विशेष नमाज अदा करते हैं। इसी को लेकर पालिकाध्यक्ष शमशाद अहमद अंसारी के निर्देशन में शनिवार को ईदगाह परिसर में सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। जहां पर सफाई लिपिक रविंद्र कुमार की देखरेख में दर्जनों कर्मचारी सफाई कार्य कर रहे हैं तथा कूड़ा-कर्कट उठाकर डंपिंग ग्राउंड के लिए भिजवाया जा रहा है।
      वहीं, पालिका के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह ईदगाह स्थल पर पहुंचे। जहां उन्होंने निरीक्षण करते हुए सफाई कार्य का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था सुदृढ होनी चाहिए, जिससे किसी को परेशानी न हो। 
         उधर, अधिशासी अधिकारी ने बताया कि नगर पालिका परिषद कैराना की ओर से शीघ्र ही आबादी से बाहर गड्ढे भी खुदवाए जाएंगे। उन्होंने मवेशियों की कुर्बानी के बाद अवशेष गड्ढों में ही डालने की अपील की है।
     बता दें कि ईद-उल-अजाह की विशेष नमाज ईदगाह में प्रातः 6:30 बजे होगी तथा कस्बे की प्रमुख जामा मस्जिद में प्रातः 7:00 बजे ईद-उल-अजाह की विशेष नमाज अदा की जाएगी