राष्ट्रीय लोक अदालत में 10365 वादों का निस्तारण


- जनपद न्यायाधीश की अध्यक्षता में हुआ आयोजन
- 3.69 करोड़ की धनराशि का कराया सेटलमेंट

कैराना। जनपद न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस अवसर जनपद न्यायाधीश के मार्गदर्शन में 10365 वादों का निस्तारण किया गया, जबकि 3.69 करोड़ की धनराशि का सेटलमेंट कराया गया।
   शनिवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, उच्चतम न्यायालय नई दिल्ली, उच्च न्यायालय इलाहबाद व उप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के अनुक्रम में कैराना स्थित जनपद न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश शामली अनिल कुमार ने राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया, जिसमें समस्त न्यायिक अधिकारी व बैंकों के पदाधिकारीगण मौजूद रहे। जनपद न्यायाधीश ने राष्ट्रीय लोक अदालत का निरीक्षण कर अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कराये जाने के निर्देश दिए।
     उधर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव/अपर जिला सत्र न्यायाधीश सीमा वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में जनपद न्यायालय द्वारा  दो मामलें, प्रधान न्यायाधीश/परिवार न्यायालय द्वारा 26 मामलें, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो) न्यायालय द्वारा दो मामलें, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (विद्युत) द्वारा 380 मामलें, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) द्वारा एक मामला, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा 669 मामलें, सिविल जज सीनियर डिवीजन शामली द्वारा 471 मामलें, सिविल जज जूनियर डिवीजन द्वारा 524 मामलें, सिविल जज जूनियर डिवीजन (एफटीसी) द्वारा 309 मामलें व न्यायिक मजिस्ट्रेट शामली द्वारा 421 मामलों का निस्तारण किया गया। इस प्रकार जनपद शामली स्थित समस्त न्यायालयों में 2805 वादों का निस्तारण किया गया, जिसमें कुल सेटलमेंट धनराशि 56 लाख 19 हजार 901 रुपये वसूल किए गए। राजस्व न्यायालयों के द्वारा कुल 7217 मामलों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत में किया गया।           
      वहीं, बैंकों से संबंधित 343 प्री लिटीगेशन वादों का निस्तारण किया गया, जिसमें कुल तीन करोड़ 13 लाख 69904 रुपये की धनराशि का सेटलमेंट किया गया। इस प्रकार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार के कुशल मार्गदर्शन में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन सफलतापूवर्क संपन्न कराते हुए कुल 10365 वादों का निस्तारण किया गया, जिसमें कुल तीन करोड़ 69 लाख 89805 रुपये की धनराशि का सेटलमेंट किया गया। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सीमा वर्मा द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया गया।
...................