यमुना नदी में अवैध खनन पर छापेमारी
👉 मौके से जेसीबी मशीन व डंफर किया जब्त, माफिया हुए फरार

कैराना। मानसून के चलते यमुना नदी से खनन पर प्रतिबंध है, लेकिन इसके बावजूद भी माफिया बाज नहीं आ रहे हैं। देर रात एसडीएम और सीओ ने यमुना नदी में चल रहे अवैध खनन पर छापेमारी की। मौके से एक जेसीबी मशीन व डंफर पकड़ लिया गया। जबकि माफिया फरार हो गए। मामले में माफियाओं की तलाश की जा रही है।
   मंगलवार की देर रात गांव बसेड़ा व मंडावर के बीच यमुना नदी में अवैध खनन चल रहा है। सूचना मिलने पर एसडीएम स्वप्निल कुमार यादव व सीओ अमरदीप मौर्य ने पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर छापेमारी की। अधिकारी प्राइवेट गाड़ियों से मौके पर पहुंचे थे। जहां से एक जेसीबी मशीन व डंफर को पकड़ लिया गया। जबकि माफिया मौके से फरार हो गए। एसडीएम स्वप्निल यादव ने बताया कि खनन के संबंध में एडीएम को रिपोर्ट भेजी जा रही है। इसके अलावा माफियाओं की जानकारी करने के भी निर्देश दिए गए हैं। मामले में कार्रवाई की जाएगी।
———
👉 30 सितंबर तक खनन पर है रोक
मानसून में एक जुलाई से 30 सितंबर तक यमुना नदी से खनन पर प्रतिबंध लगा हुआ है। 30 सितंबर के बाद पूर्व से आवंटित पट्टों पर विभाग की अनुमति के बाद खनन कार्य प्रारंभ होगा। जबकि किसी भी नए पट्टे के लिए पहले भूमि की जांच होती है और फिर सीमांकन के बाद खनन की अनुमति दी जाती है।
—————————————————