कार्तिक पूर्णिमा: पालिका प्रशासन ने यमुना घाट पर कराई साफ-सफाई

कैराना। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार को हजारों श्रद्धालु यमुना नदी में स्नान करेंगे। इसे लेकर घाटों पर नगर पालिका परिषद प्रशासन की ओर से साफ—सफाई कराई गई और बेरिकेडिंग की गई। वहीं, घाटों पर पुलिस भी तैनात रहेगी।
   सोमवार को कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के अवसर पर यूपी व हरियाणा के हजारों श्रद्धालु यमुना नदी पर पहुंचेंगे। इसे लेकर रविवार को नगर पालिका परिषद कैराना के सफाई लिपिक रविंद्र कुमार की देखरेख में दर्जनों कर्मचारियों ने यमुना घाटों पर साफ—सफाई की। इसके अलावा यमुना नदी के किनारों पर बल्लियां लगाकर बेरिकैडिंग कराई, ताकि श्रद्धालु किनारे पर ही रहकर सुरक्षित तरीके से स्नान कर सके। 
        वहीं, स्नान के दौरान हादसों को रोकने के लिए दर्जनों प्राइवेट गोताखोरों के साथ ही पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। जबकि नायब तहसीलदार गौरव सांगवान की सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में ड्यूटी रहेगी। लेखपाल भी तैनात रहेंगे।
        वही, पालिका के पथ प्रकाश विभाग के लिपिक मोहम्मद असलम ने बताया कि यमुना नदी के घाट पर पालिका की ओर से रात्रि में प्रकाश व्यवस्था कराई गई है।
         उधर, एसडीएम स्वप्निल कुमार यादव ने बताया कि स्नान को लेकर तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई है।
......................