65 करोड़ से लगेंगे विकास को पंख

👉 नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में प्रस्तावों पर लगी मुहर
👉 निर्माण कार्यों के अलावा प्रकाश व पेयजल व्यवस्था होगी दुरूस्त

कैराना। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में निर्माण कार्यों, प्रकाश व पेयजल व्यवस्था के लिए 65 करोड़ के प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई है। इससे नगर में विकास कार्यों को पंख लगने की उम्मीद है।
   शुक्रवार को नगर पालिका परिषद कैराना के सभाकक्षा में पालिकाध्यक्ष शमशाद अहमद की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान मासिक नक्शा आय—व्यय जुलाई 2023 से जनवरी 2024 तक, जिसमें आय 25 करोड़ 50 लाख 89605 रुपये तथा व्यय 26 करोड़ 69 लाख 38217 रुपये का अनुमोदन किया गया।               
     पालिका द्वारा मूल बजट बोर्ड 2024-25 में आय 48 करोड 97 लाख 75 हजार व व्यय 48 करोड़ 90 लाख 70 हजार रुपये दर्शायी गई है। कहा गया कि वर्ष में 32 लाख पांच हजार रुपये बचत का बजट है। जिसमें वर्ष 2023 - 24 का 25 लाख रुपए का बकाया भी शामिल है। 
       उक्त के अलावा नगर में साफ—सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल व निर्माण कार्यों के लिए 65 करोड़ के बजट के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।                                      उधर, पालिकाध्यक्ष ने कहा कि बोर्ड बैठक में बजट स्वीकृति के बाद तमाम विकास कार्य कराए जाएंगे, जिससे नगर की सुंदरता भी बढ़ेगी। इसके अलावा नगरवासियों की समस्याओं का निराकरण कराने के भी प्रयास रहेंगे। बोर्ड बैठक का संचालन एसडीएम एवं ईओ अतिरिक्त प्रभार स्वप्निल कुमार यादव ने किया। इस अवसर पर कर अधीक्षक शाकिर हुसैन, कार्यालय अधीक्षक जैगम हुसैन, जलकल लिपिक तासीम अली, लेखाकार  राकेश कुमार व प्रकाश लिपिक मोहम्मद असलम एवं पालिका के समस्त सभासदगण मौजूद रहे।
———
👉 सभासद शगुन मित्तल ने की कई कार्य कराने की मांग
बोर्ड की बैठक के दौरान वार्ड—15 के सभासद शगुन मित्तल एडवोकेट ने एसडीएम/ईओ को पत्र दिए। उन्होंने यमुना तट स्थित शमशान घाट पर सफाई कर्मचारी की नियुक्त करने, रामलीला भवन का सौंदर्यीकरण कराने, कचहरी परिसर में पेयजल सुविधा, नगर की जनता को खुंखार बंदरों से निजात दिलाने व नगर में तीन स्थानों पर गगनचुंबी तिरंगा लगवाने आदि की मांग की है।
——————————————