विजय सिंह पथिक महाविद्यालय में हुआ दो दिवसीय क्रीड़ा समारोह का शुभारंभ

कैराना (शामली)। विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कैराना में दो दिवसीय वार्षिक कीड़ा समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। 
        बृहस्पतिवार को कार्यक्रम का शुभारंभ  महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ योगेंद्र पाल सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर  किया। कार्यक्रम की शुरुआत में पूर्व चैंपियन छात्र एवं छात्रा द्वारा मशाल लेकर खेल मैदान का एक चक्कर लगाकर सौहार्द का परिचय दिया। 
     इसके पश्चात एनसीसी ए एन ओ डॉक्टर रामकुमार के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स के साथ सभी छात्र छात्राओं ने मार्च पास्ट किया।
      प्राचार्य डॉ योगेंद्र पाल सिंह ने वार्षिक कीड़ा समारोह के उद्घाटन सत्र में छात्र-छात्राओं, अतिथियों, प्राध्यापकों, मीडिया कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे जीवन में खेल का बहुत अधिक महत्व है एवं छात्रों के सर्वांगीण विकास हेतु खेल की प्रासंगिकता सदैव बनी रहेगी। प्राचार्य ने खेल की गरिमा एवं अनुशासन की शपथ सभी प्रतिभागियों को कराई और खेल भावना से सभी को अवगत कराया। मंच पर सभी अतिथियों एवं प्राध्यापक को एवं कर्मचारियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
      क्रीड़ा समारोह के प्रथम दिन 100 मी हीट, 200 मीटर दौड़, भाला फेंक, चक्का फेंक, गोला फेंक, ऊंची कूद तथा लंबी कूद का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के परिणाम की घोषणा कल की जाएगी।
      क्रीड़ा प्रभारी डॉक्टर हरेंद्र सिंह ने पूरे उत्साह के साथ छात्र छात्राओं का प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए उत्साहवर्धन किया तथा अनुशासन में रहने को अभिप्रेरित किया। 
     मंच का संचालन डॉक्टर अजय बाबू शर्मा ने बहुत ही जोशीले अंदाज एवं ओजस्वी शैली में किया। सभी प्रतियोगिता की घोषणा में उनकी सराहनीय भूमिका एवं सहयोग रहा। 
       कार्यक्रम के अंत में क्रीड़ा प्रभारी डॉक्टर हरेंद्र सिंह ने सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को प्रतियोगिता के प्रथम दिवस के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
==================
Comments