पुल से नीचे यमुना में गिरा 18 वर्षीय मजदूर, तलाश जारी
👉  रात में बाइक द्वारा हरियाणा से अपने घर छपरौली के गांव मुकुन्दपुर जा रहे थे तीन मजदूर

कैराना (शामली)। अपने साथियों के साथ हरियाणा फैक्ट्री में मजदूरी करके बाइक द्वारा रात के समय अपने घर वापस लौटते समय 18 वर्षीय मजदूर पुल की रेलिंग पार करके यमुना में गिर गया। गोताखोरों ने नाव के सहारे मजदूर की तलाश की लेकिन 20 घन्टे बीत जाने के बाद भी मजदूर का पता नही चल सका।
   शुक्रवार रात करीब साढे 8 बजे हरियाणा के छाजपुर से फैक्ट्री में मजदूरी करके तोहिद निवासी पुसार थाना दोघट, नाजिम निवासी बहारसी थाना कांधला व नाजिम का भांजा 18 वर्षीय नासिर निवासी गांव मुकंदपुर थाना छपरौली जनपद बागपत बाइक द्वारा अपने घर वापस जा रहे थे। यमुना पुल पर चैकिंग होती देख बाइक चला रहे तोहिद ने बाइक रोक दी तथा नाजिम व उसका भांजा नासिर बाइक से उतर गये। इस दौरान नासिर घबरा कर पुल के बराबर में रेलिंग के बीच पैदल चलने का रास्ता समझ कर रेलिग पार करके कूद गया लेकिन वहां रास्ता नही था तथा नासिर यमुना नदी में गिर गया। पहले तो दोनों ने नासिर को ढूंढने का प्रयास किया लेकिन अंधेरे में पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी। रात के समय गोताखोर कुछ नहीं कर पाये। शुक्रवार सुबह गोताखोरों ने नाव के सहारे यमुना में गिरे मजदूर की तलाश की लेकिन 20 घन्टे बीत जाने के बाद भी मजदूर का पता नही चल सका। कोतवाली पुलिस ने बताया कि मजदूर की तलाश में दर्जन से अधिक गोताखोर लगे है।
———

पुल से यमुना में गिरा दस्तावेज लेखक, मौत
             (मृतक अंकुर गोयल का फाइल फोटो)
कैराना (शामली)। यमुना पुल पर खड़ा दस्तावेज लेखक संदिग्ध परिस्थितियों में यमुना में गिर गया, जिसकी मौत हो गई। हादसे से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
   शनिवार शाम करीब चार बजे  कैराना के मोहल्ला पीपलोतला निवासी 35 वर्षीय बैनामा लेखक अंकुर गोयल पुत्र स्वर्गीय प्रवीण कुमार यमुना नदी के पुल पर गया था। बताया जा रहा है कि अंकुर पुल पर रैलिंग के पास खड़ा था। इसी दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में यमुना नदी में गिर गया। वहां पहले से जुटे गोताखोरों ने अंकुर की तलाश शुरू की। करीब 20 मिनट के बाद गोताखोरों ने उसके शव को यमुना से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। देर शाम मृतक का यमुना नदी शमशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
.............................................
Comments