गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा कैराना का यह गांव, कई घायल


शामली: कैराना में बच्चों के विवाद एक ही परिवार के दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और गोली चली। संघर्ष में लड़कियों समेत पांच लोग घायल हो गए। इनमें एक युवक को गोली लगी है, जिसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। जबकि बाकी को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
मामला क्षेत्र के गांव गोगवान का है। शनिवार रात करीब आठ बजे एक ही परिवार के दो पक्ष बच्चों के विवाद में भिड़ गए। कुछ ही देर में विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और फायरिंग हुई। गोली चलने की तड़तड़ाहट से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। संघर्ष में मेहरूब गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि मारपीट में उस्मान, उसकी पुत्री आसमा व मीना तथा सौकब भी घायल हुए। गांव में फायरिंग की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में भारी पुलिस बल गांव में पहुंचा और स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने गोली लगने से घायल हुए मेहरूब को हायर सेंटर रेफर कर दिया है। इसकी बाजू में गोली लगी हुई है। जबकि बाकी घायलों का इलाज किया जा रहा है। वहीं, पुलिस ने खोखा कारतूस भी अपने कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।


Comments