पूर्व राज्यमंत्री रियासत राणा का बीमारी से निधन, शोक


- पैतृक गांव जहानपुरा में नम आंखों के साथ किया सुपुर्द-ए-खाक
- सपा सरकार में खाद्य एवं रसद विभाग के रहे थे चेयरमैन

कैराना। सपा सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रहे रियासत राणा का बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। दिवंगत को पैतृक गांव जहानपुरा में नम आंखों से सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
   रविवार देर रात रियासत राणा ने अंतिम सांस ली। वह करीब 60 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मूल रूप से गांव जहानपुरा निवासी रियासत राणा वर्तमान में नगर की टीचर्स कॉलोनी में परिवार सहित रहते थे। सपा शासनकाल के दौरान जनवरी 2015 में उन्हें राज्य खाद्य एवं आवश्यक वस्तु निगम का चेयरमैन बनाया गया था। 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद वह अपने पद से मुक्त हो गए थे। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस का हाथ थाम लिया था। वर्तमान में वह कांग्रेस से जुड़े हुए थे। सोमवार को पूर्व राज्यमंत्री के निधन की सूचना क्षेत्र में फैल गई, जिससे शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे तथा शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें अंतिम विदाई दी। दिवंगत रियासत राणा के चार पुत्र व छह पुत्रियां बताई गई है। पैतृक गांव जहानपुरा में नम आंखों के साथ दिवंगत को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
        बता दें कि दिवंगत पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रियासत राणा प्रेस क्लब कैराना रजिस्टर्ड के अध्यक्ष महराब चौधरी व पत्रकार महासभा के अध्यक्ष अब्दुल सत्तार के चाचा थे।