आजादी के बाद पालिका सीमा विस्तार बड़ी उपलब्धिः अनवर हसन


- सीमा विस्तार को लेकर पालिकाध्यक्ष ने की प्रेसवार्ता, कहा, अब बाहरी क्षेत्रों से होगी विकास की शुरूआत

कैराना। पालिकाध्यक्ष हाजी अनवर हसन ने कहा कि आजादी के बाद नगर पालिका परिषद कैराना का सीमा विस्तार बड़ी उपलब्धि है। परिसीमन होने के बाद बाहरी बस्तियां पालिका क्षेत्र के दायरे में आएगी और उन्हें नगरीय मूलभूत सुविधाएं मुहैया होगी। अब इन्हीं बाहरी बस्तियों से विकास की शुरूआत होगी।
      बृहस्पतिवार को नगर पालिका परिषद कैराना के सभाकक्ष में पालिकाध्यक्ष हाजी अनवर हसन ने प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि हाल में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कैबिनेट ने नगर पालिका परिषद कैराना के सीमा विस्तार को मंजूरी दी है। नगर पालिका परिषद के क्षेत्रफल को बढ़ाने हेतु उन्होंने प्रयास किये थे, जिसका नतीजा है कि वर्ष 1947 के बाद नगर पालिका परिषद कैराना का सीमा विस्तार हो रहा है। यह बड़ी उपलब्धि है।
    उन्होंने कहा कि बाहरी बस्तियां अब नगर पालिका परिषद क्षेत्र से जुड़ जाएगी। सीमा विस्तार के बाद बाहरी बस्तियों से ही विकास की शुरूआत होगी। जहां सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था व सड़कें दुरूस्त कराई जाएगी। प्रधानमंत्री आवास शहरी योजना के तहत गरीबों को आशियाने मिलेंगे। 
     उन्होंने कहा कि कैराना की आबादी लगभग डेढ़ लाख है, लेकिन सूची में 90 हजार है। उन्होंने कहा कि सीमा विस्तार से आबादी बढ़ने पर अब सूची में करीब डेढ़ लाख की आबादी आ जाएगी। उन्होंने कहा कि वह अभी से बाहरी बस्तियों में सफाई व्यवस्था दुरूस्त कराने के प्रयास में जुटे हैं, सफाई कर्मियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। 
   पालिकाध्यक्ष ने आगे कहा कि उनके कार्यकाल में नगर में अनेक विकास कार्य कराए गए हैं। गली-गली में पाइपलाइन बिछवाई गई है, सड़कें भी बनी है। डूडा विभाग में 42 सड़कें पालिका की ओर से प्रस्तावित होने पर उन्हें स्वीकृति मिली। इनमें 12 बनकर तैयार हो गई। शेष पर कार्य चल रहा है।
    पालिका के नवनियुक्त ईओ इंद्रपाल सिंह ने कहा कि नगर पालिका परिषद कैराना का क्षेत्रफल 5.11 वर्ग किमी. था, जो अब बढ़कर 17.63 हो गया है। इसमें कैराना देहात के आर्यपुरी, बदलूगढ़, सुंदरनगर, सफा कॉलोनी, इस्लामनगर व बाहरी बस्तियां शामिल होंगी।
      उन्होंने कहा कि इस बार सीमा विस्तार होने से निकाय चुनाव हेतु मतदाता सूची में मतदाताओं के नाम सम्मिलित होंगे। वहीं, पालिकाध्यक्ष व ईओ ने शासन का आभार भी जताया। इसके अलावा उन्होंने सभासदों के साथ में भी बैठक की तथा पालिका सीमा विस्तार पर खुशी का इज़हार किया गया।
Comments