पालिका के अभिलेखों में दर्ज होंगे मकान, सर्वे शुरू
👉  सीमा विस्तार के बाद मकानों का डाटा जुटा रहा नपा प्रशासन
👉  सर्वे पूर्ण होने पर स्वामियों को दिए जाएंगे मकान नंबर

कैराना। सीमा विस्तार के बाद नगर क्षेत्र में शामिल हुए मकानों का सर्वे नगरपालिका की ओर से शुरू कराया गया है। सर्वे पूर्ण होने पर उपरोक्त मकान पालिका के अभिलेखों में दर्ज होंगे। वहीं, मकानों के नंबर भी उनके स्वामियों को आवंटित कर दिए जाएंगे।
       नगर पालिका परिषद कैराना क्षेत्र का सीमा विस्तार होने के बाद वार्डों का गठन पूर्ण हो चुका है। इसके बाद वार्डों की संख्या 25 से बढ़कर 28 हो चुकी है। सीमा विस्तार होने से बाहरी बस्तियों में बसे लोगों को नगरीय सुविधाएं मिलेंगी। पालिकाध्यक्ष हाजी अनवर हसन व अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह के निर्देश पर पालिका की आय बढ़ाने के उद्देश्य से विस्तारित क्षेत्र में सर्वे कार्य प्रारंभ कराया गया है। इसके लिए कर अधीक्षक शाकिर हुसैन को नोडल अधिकारी तथा मोहम्मद असलम, इनाम हसन, रविकांत व जहांगीर को सुपरवाइजर नियुक्त किया गया है, जिनके सुपरविजन में एक दर्जन कर्मचारियों की टीम ने   गुलशन नगर, आर्यपुरी, बदलूगढ़, ब्लॉक कॉलोनी में मकानों का सर्वे करने में जुट गई है। सर्वे के दौरान गृह स्वामियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि गृह स्वामी स्वयं रहता है या फिर मकान को किराए पर दिया गया है। सर्वे कार्य पूर्ण होने के पश्चात मकानों की जानकारी पालिका के अभिलेखों में दर्ज हो जाएगी। इसके साथ ही, मकानों को नंबर भी आवंटित कर दिए जाएंगे। सर्वे टीम के सुपरवाइजर मो. असलम ने बताया कि यह कार्य एक सप्ताह में पूर्ण हो जाएगा।