👉 राष्ट्र पिता के सम्मान में विजय सिंह पथिक कॉलेज में गूंजी रामधुन। हर्षोल्लास से मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती
कैराना। विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कैराना की सास्कृतिक परिषद के तत्वावधान में गांधी-शास्त्री जयंती के अवसर पर सर्व धर्म सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रोफेसर योगेन्द्र पाल सिंह एवं वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. भूमेश कुमार द्वारा गांधी जी और शास्त्री जी के चित्र पर पुष्पार्चन और माल्यार्पण के साथ हुआ।
संरक्षकीय उद्बोधन में कॉलेज की सांस्कृतिक परिषद के संरक्षक प्रो. योगेंद्र पाल सिंह ने छात्र छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सत्य का पर्याय राष्ट्रपिता गांधी जी और सादगी का पर्याय श्री लाल बहादुर शास्त्री जी मात्र एक व्यक्तित्व नहीं बल्कि एक पूर्ण जीवन दर्शन हैं। इनके आदर्शों का जीवन शैली में अनुकरण हम सब का दायित्व है।
छात्रा सुनयना और सुष्मिता द्वारा रामधुन और वैष्णवजन गीत का कर्णप्रिय गायन किया गया।
सह- समारोहिका डॉ. नीतू त्यागी ने अपने उद्बोधन में बताया कि गांधी और शास्त्री सर्वभौमिक और सर्वप्रसंगिक महान व्यक्तित्व हैं और इनके जीवन दर्शन और सिद्धांतों की प्रासंगिकता वर्तमान दौर में और भी महत्वपूर्ण है।
समारोहक अजय बाबू शर्मा ने अपने आरंभिक उद्बोधन में गाँधी जी और शास्त्री जी के जीवन की दो प्रेरक घटनाओं का उद्धरण देते हुए छात्र छात्राओं को बताया कि इन दोनों महान व्यक्तित्वों ने अपने कार्यों के माध्यम से अनुकरणीय सिद्धान्त स्तम्भ स्थापित किये हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए डॉ. डॉली ने छात्र छात्राओं को गांधी दर्शन और गांधी साहित्य तथा शास्त्री जी के सादगी भरे जीवन वृत्त के अनुकरणीय उदहरण देते हुए अपने शैक्षिक जीवन में उत्कृष्ट शिखर पर पहुंचने की प्रेरणा दी।