मतदान केंद्रों पर भौगोलिक स्थिति का लिया जायजा
— एसडीएम व सीओ ने निकाय चुनाव को लेकर किया निरीक्षण
— कई बूथ बदलने के लिए भी अफसरों ने देखें स्थान
कैराना। निकाय चुनाव के दृष्टिगत एसडीएम व सीओ ने मतदान केंद्रों पर लगे विशेष शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदेय स्थलों पर चुनाव में की जाने वाली व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी की और भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा कई बूथों के स्थान परिवर्तन हेतु अन्य स्थानों की भी जांच की गई।
        शनिवार को पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदान केंद्रों पर विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। इस दौरान बीएलओ ने मतदाता नामावलियों में नाम सम्मिलित करने तथा त्रुटियां दुरूस्त करने हेतु आवेदन लिए। एसडीएम कैराना शिवप्रकाश यादव व सीओ अमरदीप मौर्य ने स्थानीय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पंकज त्यागी के साथ पब्लिक इंटर कॉलेज व इस्लामिया इंटर कॉलेज आदि में मतदान केंद्रों पर लगे शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ की उपस्थिति का जायजा लेते हुए कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी की। उन्हें कार्य में शिथिलता बरतने पर कार्यवाही की चेतावनी दी गई। इसके अलावा अधिकारियों ने चुनाव में मतदेय स्थलों पर की जाने वाली व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी की। उन्होंने मतदेय स्थलों पर भौगोलिक स्थिति को भी परखा।               
      वहीं, बाइकों से तंग गलियों में पड़ने वाले मतदान केन्द्रो का निरीक्षण किया गया। वहीं, अधिकारी जामा मस्जिद के निकट पहुंचे। यहां सेंट मैरि स्कूल की जगह मार्किट बनने के कारण पांच बूथ बदले जाने हैं, जिनके लिए अन्य स्थानों की भी जांच की गई। जबकि पिछले निकाय चुनाव के सापेक्ष इस बार नगर पालिका परिषद कैराना सीमा विस्तार के चलते दस नए मतदेय स्थल बढ़ने के कारण उनके स्थानों को भी देखा गया। कुल 87 मतदेय स्थल हैं।          
          उधर, एसडीएम शिवप्रकाश यादव ने बताया कि चुनावी अधिसूचना अभी जारी नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से तमाम तैयारियां की जा रही है। चुनाव को सकुशल एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा।