अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर लघुकथा प्रतियोगिता का आयोजन



कांधला। कस्बे के मन्दिर महादेव मारूफ शिवाला कांधला धर्मार्थ ट्रस्ट (रजिस्टर्ड) द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर माँ आदि शक्ति अंतर्राष्ट्रीय लघुकथा प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में देश के कई राज्यों से प्रविष्टियां प्राप्त हुई। ट्रस्ट के निर्णायक मंडल द्वारा 8 मार्च को एक बैठक आयोजित कर ट्रस्ट के प्रधान कार्यालय आवास श्री कौशल प्रसाद एडवोकेट सीता चौक कांधला पर प्रतियोगिता के विजेता की घोषणा की गई। 
      लघु कथा विधा के स्वरुप, कथावस्तु , उद्देश्य, संवाद व व्याकरणिक कौशल के आधार पर निर्णायक मंडल द्वारा देश के अन्य राज्यों से आई प्रविष्टियों में से दिल्ली, झारखंड, आंध्र प्रदेश, गुजरात से प्राप्त प्रविष्टियां सराही गई। 
         प्रतियोगिता की विजेता लघुकथा '' अंजानी सी मदद " रही। लघुकथा के लेखक बोकारो (झारखंड) के राजीव कुमार ने एक युवक द्वारा दुर्घटना में घायल अंजान युवती की निःस्वार्थ सहायता करने, अपनी असंवेदनशीलता पर पश्चाताप करने और युवती द्वारा अपनी सफलता के लिए युवक को धन्यवाद देने पर, युवक द्वारा युवती के संघर्ष को ह्रदय में सराहे जाने के सरस कथा तत्व को लेकर अपनी लघुकथा का सृजन किया है। युवक की सहृदयता तो देखते ही बनती है - '' वो लड़की शायद उस दिन से ही हमको भगवान जैसा मान रही है और सच तो यह है कि उसकी संघर्ष की कहानी सुनकर मैं भी मन ही मन उसकी पूजा करने लगा हूं। ''
      राजीव कुमार की ही तरह सभी रचनाकारों ने अपनी लघुकथा के माध्यम से किसी न किसी रूप में स्त्री का साथ देकर उन्हें सफलता के मार्ग की ओर अग्रसर किया है। गुजरात के लघुकथा लेखक समीर उपाध्याय जी ने माता द्वारा पुत्री, नई दिल्ली की लघुकथा लेखिका संतोष खन्ना ने दंपति द्वारा संबंधी युगल, नई दिल्ली की एक और लघुकथा लेखिका सुजाता प्रसाद ने अध्यापिका द्वारा छात्रा, आंध्र प्रदेश की लघुकथा लेखिका दुर्गेश नंदनी ने एक सखी द्वारा दूसरी सखी व झारखंड के लघुकथा लेखक राजीव कुमार द्वारा एक अंजान युवक द्वारा अंजान युवती की सहायता करने की कथा वस्तु का चयन बहुत ही प्रेरणादायक व सटीक है. जिसमें ट्रस्ट के निर्णायक मंडल द्वारा सर्वसम्मति से राजीव कुमार की लघुकथा "अंजानी सी मदद" को विजेता लघुकथा के रूप में चयनित किया गया।
     ट्रस्ट के कार्यक्रम में ट्रस्ट की अध्यक्ष शालिनी कौशिक एडवोकेट, महासचिव डॉ शिखा कौशिक व  धर्म सिंह आदि मौजूद रहे।