यमुना का जलस्तर घटने से मिली राहत
— चेतावनी बिंदु से भी नीचे पहुंचा जलस्तर, खादर के लोगों की चिंता हुई कम

कैराना। यमुना नदी के जलस्तर में लगातार तीसरे दिन एक मीटर से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। अब बहाव चेतावनी बिंदु से भी नीचे आ गया है। इसके चलते तटवर्ती गांवों के लोगों की चिंता कम होती नजर आ रही है।
   तीन दिन पहले तक यमुना नदी उफान पर थी। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में वर्षा के चलते यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान 231.50 मीटर से 75 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया था। हथिनीकुंड बैराज से निरंतर छोड़े जा रहे पानी की मात्रा धीरे—धीरे कम होती गई, तो जलस्तर में भी गिरावट का सिलसिला जारी है। शनिवार को जलस्तर में एक मीटर से अधिक की गिरावट रिकॉर्ड की गई।
      ड्रेनेज विभाग के जेई आशु कुमार ने बताया कि शनिवार की शाम चार बजे यमुना ब्रिज पर बहाव 230.20 मीटर पर रहा। यहां से चेतावनी बिंदु 231 मीटर पर है। इसके अलावा हथिनीकुंड बैराज से शनिवार प्रात: सात बजे 37138 क्यूसेक, आठ बजे 42658 क्यूसेक व शाम चार बजे 43168 क्यूसेक पानी प्रवाहित किया गया है। उधर, यमुना नदी के जलस्तर में गिरावट आने के बाद खादर क्षेत्र के ग्रामीणों की चिंता कम होती नजर आ रही है। हालांकि, किसानों के खेत अभी जलमग्न हैं। पानी में डूबी फसलें दिखने लगी हैं, लेकिन ज्वांर की फसलों की पत्ती बेकार नजर आ रही है।