हुकुम सिंह के नाती अमेरिका में लड़ेंगे राष्ट्रपति पद का चुनाव


— 2024 के चुनाव के लिए डॉ. हर्षवर्धन ने किया नामांकन, क्षेत्र में खुशी का माहौल

कैराना। प्रखर राजनीतिज्ञ और पश्चिमी उप्र के दिग्गज नेता रहे स्व. बाबू हुकुम सिंह के नाती एवं भारतीय मूल निवासी डॉ. हर्षवर्धन सिंह ने अमेरिका में राष्ट्रपति पद पर ताल ठोक दी है। 2024 को होने वाले चुनाव के लिए उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी से नामांकन दाखिल कर दिया है। इसे लेकर क्षेत्र में खुशी का माहौल बना हुआ है।
      स्व. बाबू हुकुम सिंह की पुत्री एवं भाजपा नेत्री मृगांका सिंह ने मंगलवार को बताया कि पिछले करीब 35 वर्षों से उनकी बहन नंदिता सिंह व बहनोई त्रिभुवन सिंह अपने परिवार के साथ अमेरिका के न्यू जर्सी यूएसए में निवास करते हैं। जहां वह व्यापार करते हैं। उनके 38 वर्षीय बेटे डॉ. हर्षवर्धन सिंह पूर्व में चिकित्सा सेवा से जुड़े थे। धीरे—धीरे वह राजनीति में आ गए। मृगांका सिंह के अनुसार, गत 22 जुलाई को डॉ. हर्षवर्धन सिंह ने अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी से नामांकन दाखिल किया है। अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए वर्ष 2024 में चुनाव होना है। 
      उधर, अमेरिका में भारतीय मूल एवं राजनीति के धुरंधर गुर्जर क्षत्रप नेता रहे स्वर्गीय सांसद बाबू हुकुम सिंह के नाती के नामांकन के क्षेत्र में खुशी का माहौल बना हुआ है।
———