यमुना के कुंड में समाए दो युवक, एक का शव बरामद


👉 'जवान' फिल्म देखने घर से निकले थे तीन युवक, नहाने के दौरान एक की बची जान
👉 देर शाम तक यमुना नदी में जारी रहा सर्च ऑपरेशन

कैराना (शामली)। यमुना नदी में नहाने के दौरान दो युवक गहरे कुंड में डूब गए। जबकि किनारे पर होने की वजह से एक युवक की जान बच गई। वह तीनों हरियाणा के पानीपत में सिनेमाघर में 'जवान' फिल्म देखने घर से निकले थे, लेकिन शो चालू होने में समय होने के चलते वह यूपी—हरियाणा बॉर्डर पर नहाने लगे थे। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जहां गोताखोरों को लगाकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। गोताखोरों ने एक युवक का शव बरामद कर लिया है। देर शाम तक दूसरे की तलाश जारी थी।
   नगर के मोहल्ला दरबारखुर्द निवासी नईम (20) पुत्र मोहम्मद शफीक मोहल्ले के ही रहने वाले अपने भतीजा आसिफ (18) पुत्र शमीम और साजेब (19) पुत्र नफीस बृहस्पतिवार की दोपहर हरियाणा के पानीपत में सिनेमाघर में अभिनेता शाहरूख खान की फिल्म 'जवान' को देखने के लिए घर से निकले थे। नईम के अनुसार, शो चालू होने में समय था, इसलिए उन्होंने यूपी—हरियाणा बॉर्डर पर पड़ने वाली यमुना नदी में नहाने का मन बनाया। वह तीनों हरियाणा की ओर यमुना किनारे पर पहुंच गए और नदी में नहाने लगे।
          नईम ने बताया कि वह किनारे पर नहा रहा था, जबकि आसिफ और साजेब नहाते हुए यमुना नदी में काफी दूर तक चले गए और डूब गए। उन्हें डूबता देख नईम ने शोर मचा दिया और मामले की सूचना यमुना ब्रिज चौकी पुलिस को दी, जिस पर एसआई मनेंद्र सिंह टीम के साथ में मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्राइवेट गोतखोरों को बुलाते हुए सर्च ऑपरेशन शुरू करा दिया। उधर, सूचना मिलने के बाद परिजन में कोहराम मच गया तथा परिजन यमुना किनारे पर पहुंच गए। पूर्व चेयरमैन के पुत्र अनम हसन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस से वार्ता करते हुए दोनों युवकों की तलाश कराए जाने की मांग की। 
    वहीं, शाम करीब साढ़े छह बजे साजेब के शव को गोताखोरों ने बरामद कर लिया। जबकि देर शाम तक दूसरे युवक की तलाश जारी थी। यमुना ब्रिज चौकी प्रभारी एसआई मनेंद्र सिंह ने बताया कि यमुना में डूबे साजेब के शव को गोताखोरों ने बरामद कर लिया है। दूसरे युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।
......................