बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बने ब्रह्म सिंह, महासचिव नसीम अहमद

👉 एल्डर कमेटी की देखरेख में चुनाव हुआ संपन्न
👉 नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल—मालाओं से किया स्वागत

कैराना। बार एसोसिएशन कैराना का वार्षिक चुनाव संपन्न हो गया है। चुनाव में अध्यक्ष पद पर ब्रह्म सिंह ने अपने प्रतिद्वंदी रामकुमार वशिष्ठ को 59 मतों से पराजित किया। जबकि महासचिव पद पर नसीम अहमद ने 40 मतों से विजय प्राप्त की। इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर नकली सिंह व सहसचिव प्रशासनिक पद पर शफकत खान विजयी घोषित किए गए। वहीं, चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल—मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया।
   बार एसोसिएशन कैराना की वर्ष 2024 की नई कार्यकारिणी के गठन हेतु गुरुवार को प्रात: नौ बजे बार भवन में मतदान प्रारंभ हुआ। एल्डर कमेटी के चेयरमैन ईशपाल सिंह, सदस्य प्रदीप कुमार जैन, रियासत अली, करतार सिंह व शगुन मित्तल की देखरेख में दोपहर दो बजे तक मतदान चला, जिसमें 340 अधिवक्ता मतदाताओं में से 329 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के पश्चात मतगणना हुई। शाम सवा चार बजे एल्डर कमेटी ने परिणाम घोषित कर दिए। इसमें अध्यक्ष पर ब्रह्म सिंह को 193 मत प्राप्त किए, जबकि उनके प्रतिद्वंदी रामकुमार वशिष्ठ को 134 मतों पर संतोष करना पड़ा। दो मत निरस्त हुए। 59 मतों से ब्रह्म सिंह विजयी हुए। 
    महासचिव पद पर नसीम अहमद ने 184 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंदी राजकुमार चौहान को 40 मतों से शिकस्त दी। राजकुमार चौहान को 144 मतों पर ही संतोष करना पड़ा। इस पद पर एक मत निरस्त हुआ।        
  वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर नकली सिंह को 187 व राधेश्याम गोयल को 140 मत मिले तथा दो मत निरस्त हुए। इसमें नकली सिंह 47 मतों से विजयी घोषित हुए। इसके अलावा सह—सचिव प्रशासनिक पद पर शफकत खान को 205 व रिजवान अली को 120 वोट मिले। चार मत निरस्त हुए। शफकत खान को 85 मतों से विजयी घोषित किए गए।
     वहीं, परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का अधिवक्ताओं ने फूल—मालाएं पहनाकर स्वागत किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ब्रह्म सिंह व महासचिव नसीम अहमद ने कहा कि यह जीत अधिवक्ताओं को समर्पित है। सभी के सहयोग से उन्हें चुनाव में सफलता मिली है, जिसके लिए वह आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि वह न्याय हित में कार्य करेंगे तथा अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। 
      इस अवसर पर ठाकुर राजेंद्र प्रसाद, आलोक चौहान, इंतजार अहमद, राजवीर सिंंह, प्रेमचंद गर्ग, मोहम्मद मुस्तफा, रवि वालिया, कृष्ण कुमार शर्मा, बाबूराम, नीरज चौहान, मोहम्मद नायाब सिद्दीकी, मोनू शर्मा, सुशील कुमार, विनय चौहान, महेंद्र सिंह, मनीष कौशिक, बिलाल अहमद, राशिद अली चौहान, सालिम चौधरी, मेहरबान अहमद, जावेद अली, अमित कुमार शर्मा व जयपाल सिंह कश्यप आदि मौजूद रहे।
———
ब्रह्म पहली बार व नसीम दूसरी बार निर्वाचित
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए ब्रह्म सिंह इससे पूर्व में दो बार महासचिव रहे हैं। वह पहली बार अध्यक्ष बने हैं। इसके अलावा महासचिव पद पर नसीम अहमद वर्ष 2019 में निर्वाचित हुए थे। इस बार वह दूसरी बार महासचिव बने हैं। बताया जा रहा है कि अधिवक्ताओं के एक गुट से अध्यक्ष और दूसरे गुट के महासचिव बने हैं। दोनों गुटों के अधिवक्ताओं में हर्ष का माहौल है।
———
इनका निर्विरोध हुआ निर्वाचन
उपाध्यक्ष पद पर नदीम अहमद, कोषाध्यक्ष पद पर वीरेंद्र सिंह, सह सचिव पुस्तकालय पद पर सूरज सिंह, वरिष्ठ सदस्य पद पर खड़क सिंह चौहान, तारिक रजा व विनय शर्मा तथा कनिष्ठ सदस्य पद पर फरमान अली, रोहित कुमार, मो. अजमल व विकास कुमार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। हालांकि, वरिष्ठ सदस्य पद पर नामांकन पत्र न आने से एक सदस्य कम रह गया है, जिसे लेकर एल्डर कमेटी बाद में निर्णय लेगी।
.........................