बसंत पंचमी के अवसर पर आगरा नगर निगम द्वारा अनूठा पर्यावरण संरक्षण अभियान


 👉 बच्चो की सहभागिता द्वारा वेस्ट टू आर्ट से हो रहा पार्कों का सौंदर्यीकरण
आगरा। बसंत पंचमी के अवसर पर नगर निगम आगरा द्वारा शहर के विभिन्न पार्कों में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत प्रत्येक वार्ड में स्थित पार्कों में पौधारोपण किया गया साथ ही पार्कों के सौंदर्यीकरण के लिए वेस्ट टू आर्ट की थीम पर कार्य किया गया।
          रविवार को इस अभियान में विशेष रूप से बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने पुरानी प्लास्टिक की बोतलों को एकत्र कर उनसे सुंदर कलाकृतियां बनाई। बोतलों, पेंट के डब्बों और अन्य अनुपयोगी सामग्री का पुनः उपयोग कर विभिन्न आकृतियां बनाई गईं, जिससे पार्कों को आकर्षक रूप दिया गया। बोतलों से बने गमलों में फूलों के पौधे लगाकर पार्कों की सजावट की गई। पुराने वाहनों के टायरों से कुर्सियां बनाई गईं, जिससे पार्क में बैठने की व्यवस्था भी की गई।
        नगर निगम की सहयोगी संस्था संवेदना डेवलेपमेंट सोसायटी ने बच्चों को इस कार्य में सहयोग प्रदान किया। बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी इस अभियान में उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इस पहल से न केवल पार्कों का सौंदर्यीकरण हुआ बल्कि बच्चों और स्थानीय नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ी। इस अवसर पर बच्चों द्वारा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता शपथ, नृत्य प्रस्तुत किए गए और गीत भी गाए गए जिससे सभी को स्वच्छता और पर्यावरण रक्षा के प्रति जागरूक किया गया साथ ही पार्कों के संरक्षण की जिम्मेदारी स्वयं वार्ड वासियों और बच्चों द्वारा ली गई है।
👉 नगर निगम का विशेष आरआरआर अभियान
इस अनूठी पहल को सफल बनाने के लिए नगर निगम की सहयोगी संस्था द्वारा एक सप्ताह पूर्व से एक विशेष अभियान चलाया गया था, जिसमें आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज, रिसाइकल) वाहन के माध्यम से सभी वार्डों में पुनः उपयोगी सामग्री और प्लास्टिक की बोतलें एकत्रित की गईं। इस अभियान के अंतर्गत एकत्रित सामग्री का उपयोग पार्कों के सौंदर्यीकरण में किया गया।
इस अभियान में नगर निगम के पार्षदगण,अधिकारीगण स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर, एनजीओ,पर्यावरण प्रोत्साहन समिति के सदस्य,सामाजिक कार्यकर्ता,आदि भी इस पहल में सम्मिलित हुए। सभी ने मिलकर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के इस प्रयास को सफल बनाया।
👉 नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल की अपील
नगर आयुक्त महोदय ने आगरा शहरवासियों से अपील की है कि बाजारों,पार्कों में गंदगी न फैलाएं, कचरा डस्टबिन में डालें और स्वच्छ भारत मिशन हेतु नगर निगम का सहयोग करें। नगर को स्वच्छ बनाए रखना नागरिकों की जिम्मेदारी है सामूहिक प्रयास से ही हम अपने शहर को सुंदर और स्वच्छ बना सकते हैं।
        नगर निगम के इस विशेष प्रयास से आगरा शहर के पार्कों को एक नई पहचान मिली है और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह अभियान मील का पत्थर साबित होगा।
=========...............==============

Comments