कैराना (शामली)। ब्रिज के निकट यमुना नदी में डूबने से एक महिला की मौत हो गई। महिला द्वारा यमुना में कूदकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शव की शिनाख्त नहीं होने पर उसे मोर्चरी के लिए भेजा गया है।
बृहस्पतिवार की दोपहर करीब ढ़ाई बजे कैराना में ब्रिज के निकट एक महिला यमुना नदी में डूब गई। वहां मौजूद लोगों ने शोर मचा दिया, जिस पर घाट पर तैनात फ्लड पीएसी के जवानों ने तत्काल यमुना नदी में सर्च आपरेशन शुरू किया। पुलिस भी मौके पर पहुंची। वहीं, फ्लड पीएसी के जवानों ने कुछ देरी के बाद महिला को बाहर निकाल लिया। इसके बाद महिला को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि महिला ने घाट पर चाय पी थी और वहां बैठी हुई थी। इसी दौरान वह यमुना नदी में कूद गई। महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने महिला के शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए, लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। महिला की उम्र करीब 50 वर्ष प्रतीत हो रही है, जिसके हाथ में कलावा भी बंधा हुआ है।
उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि मृतका के शव को मोर्चरी के लिए भिजवाया गया है। हरियाणा पुलिस से भी संपर्क किया गया है। फोटो के माध्यम से शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
=============---------------------------+++++++++