जिले के 212 हज यात्रियों को हुआ विशेष टीकाकरण


- मदरसे में हज यात्रियों को प्रशिक्षण भी दिया, सीएमओ ने किया निरीक्षण
- जिले के 6 लोगों के नाम प्रतापगढ़ जिले की सूची में थे शामिल 

कैराना। इस वर्ष हज यात्रा पर जाने वाले के जिले 212 आजमीन—ए—हज को कस्बे के मदरसा इशाअतुल इस्लाम में कैंप के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष टीकाकरण किया गया। इस दौरान उन्हें पोलियो ड्रॉप्स भी पिलाई गई। सीएमओ ने निरीक्षण कर टीकाकरण कार्य का जायजा लिया। वहीं, हज यात्रियों को सहयोगियों द्वारा प्रशिक्षण भी दिया गया।
         मंगलवार को नगर के पानीपत रोड पर स्थित प्राचीन मदरसा इशाअतुल इस्लाम में हज कमेटी की ओर से एक दिवसीय जिला स्तरीय विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का शुभारंभ मदरसे के प्रबंध संचालक मौलाना बरकतुल्ला अमीनी व सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. शैलेंद्र चौरसिया ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर इस वर्ष—2023 हज यात्रा पर जाने वाले 212 लोगों एवं महिलाओं ने प्रतिभाग किया, जिनकी स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जांच की गई और उन्हें विशेष टीकाकरण किया गया। इसके अलावा उन्हें पोलियो ड्रॉप्स भी पिलाई गई। सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने भी कैंप का निरीक्षण करते हुए टीकाकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने हज यात्रियों को बेहतर तरीके से टीकाकरण करने के निर्देश दिए। टीकाकरण के उपरांत हज यात्रियों के हेल्थ कार्ड भी बनाए गए। इस अवसर पर मदरसा प्रबंधन और हज यात्रियों के सहयोगियों ने सीएमओ व उनके साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सम्मानित किया। वहीं, मदरसे में हज यात्रियों के सहयोगी हाजी तस्लीम अहमद व हाजी अबरार ने उन्हें प्रशिक्षण दिया। बताया गया कि उन्हें किस प्रकार अहराम बांधना हैं, हज कैसे किया जाता है, कैसे तवाफ करते हैं और कुर्बानी कब होती हैं, इसके बारे में विस्तार से समझाया गया। इस अवसर पर मदरसे के प्रबंध संचालक मौलाना बरकतुल्लाह अमीनी, हाजी तस्लीम, हाजी अबरार, पीरजी अनीस, मास्टर समीउल्लाह खान, सूफी अनीस, डॉ. अज्मतुल्ला खान, हाजी इरफान, हाजी भूरा, अहतशामुल हक, हाजी खुर्शीद, हाजी तनवीर, नसीम जलालाबादी का विशेष सहयोग रहा।
....
जनपद भर से 218 लोग जाएंगे हज यात्रा पर
हज ट्रेनर हाजी तस्लीम अहमद एवं हाजी अबरार ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष 2023 में जिला शामली से 218 लोग जिनमें महिलाएं भी शामिल है, हज यात्रा पर जाएंगे पहले यह संख्या 212 थी। लेकिन 6 लोगों के नाम जनपद प्रतापगढ़ की सूची में मिलने के कारण अब यह संख्या बढ़कर 218 हो गई है। अब हमारे शामली जिले से 218 लोग हज यात्रा पर जाएंगे।
............