शिवरात्रि पर्व पर उत्साह से किया जलाभिषेक
कैराना। नगर के सिद्धपीठ बनखंडी महादेव मंदिर में शिवरात्रि पर्व के अवसर पर प्रमुख रूप से श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस तैनात रही।
   शनिवार को क्षेत्र में शिवरात्रि पर्व बड़े ही श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में स्थित सिद्धपीठ प्राचीन बाबा बनखंडी महादेव मंदिर में सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। जहां श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। 
इसके अलावा दूध, दही, घी, शहद, शक्कर व धतूरा आदि से पूजन भी किया गया। शिवभक्त कांवड़ियों ने भी मंदिर में जलाभिषेक कर मन्नतें मांगी। पंडित विनोद कुमार ने बताया कि दिनभर जलाभिषेक हुआ और देर रात तक यह सिलसिला जारी रहेगा। 
      वहीं, शाम करीब साढ़े सात बजे महाआरती की गई और भगवान को 56 प्रकार का भोग लगाया गया। शिवरात्रि पर्व को लेकर मंदिर को भव्य ढंग से सजाया गया था। एसडीएम निकिता शर्मा ने भी मंदिर में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां पुलिस बल तैनात रहा।