कोषाध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर एक—एक नामांकन वापस
👉 दोनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय, अध्यक्ष व महासचिव पद पर होगा कड़ा मुकाबला

कैराना। बार एसोसिएशन कैराना के वार्षिक चुनाव हेतु नामांकन के अंतिम दिन कोषाध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर एक—एक नामांकन पत्र वापस ले लिए गए। इसी के चलते दोनों पदों पर एक—एक प्रत्याशी चुनावी मैदान में होने के चलते निर्विरोध निर्वाचन तय है। वहीं, अध्यक्ष व महासचिव पद पर कड़ा मुकाबला होगा।
   मंगलवार को बार एसोसिएशन कैराना की वर्ष 2024 की नई कार्यकारिणी के गठन हेतु नामांकन प्रक्रिया का अंतिम दिन था। एल्डर कमेटी के चेयरमैन ईशपाल सिंह, सदस्य प्रदीप कुमार जैन, चौधरी रियासत अली, करतार सिंह व शगुन मित्तल ने बताया कि बार भवन में सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक नामांकन पत्रों की जांच व आपत्ति ली गई। दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक आपत्तियों का निस्तारण व नाम वापसी का कार्य किया गया। इस दौरान कोषाध्यक्ष पद के लिए अनिल कुमार गर्ग व उपाध्यक्ष पद के लिए मेहरबान अहमद ने अपने—अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए है। इसके अलावा सहसचिव प्रशासनिक पद पर विनय चौहान व कनिष्ठ सदस्य पर मोहम्मद अफजाल ने अपने-अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए है। इसके बाद कोषाध्यक्ष पद पर वीरेंद्र सिंह व उपाध्यक्ष पद पर नदीम अहमद के चुनावी मैदान में होने के चलते निर्विरोध निर्वाचन तय है। सहसचिव पुस्तकालय पद पर सूरज सिंह का पहले से ही एक नामांकन जमा है। वह भी निर्विरोध होंगे। 
       उक्त के अलावा अध्यक्ष पद पर ब्रह्म सिंह व रामकुमार वशिष्ठ, महासचिव पद पर नसीम अहमद व राजकुमार चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर नकली सिंह व राधेश्याम गोयल, सहसचिव प्रशासनिक पद पर रिजवान अली व शफकत खान, वरिष्ठ सदस्य पद पर खड़क सिंह चौहान, तारिक रजा व विनय शर्मा तथा कनिष्ठ सदस्य पद पर फरमान अली, रोहित कुमार, मो. अजमल व विकास कुमार चुनावी मैदान में हैं। 21 दिसंबर को सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक बार भवन में 340 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसी दिन मतगणना व परिणाम घोषित होंगे।
.....................