👉 हरियाणा से यमुना नदी में स्नान करने आए थे छह मजदूर, देर रात तलाश में जुटे रहे यूपी व हरियाणा के गोताखोर
कैराना (शामली)। हरियाणा राज्य से यमुना नदी में स्नान करने आए आधा दर्जन मजदूरों में से तीन मजदूर गहरे कुंड में समा गए। सूचना पर यूपी—हरियाणा से पुलिस मौके पर पहुंची और प्राइवेट एवं समुद्री गोताखोरों को यमुना नदी में लगाया गया। देर रात तक गोताखोर मजदूरों की तलाश में जुटे थे।
गोंडा जिले के गांव कंडेलगंज निवासी श्यामू, राकेश, पिंटू, राजेश, अजय व सूरज अपने परिवारों के साथ हरियाणा के पानीपत में फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। वह वीरनगर कॉलोनी उग्राखेड़ी मोड के निकट रहते हैं।
रविवार की शाम करीब चार बजे सभी छह मजदूर बाइकों पर सवार होकर यूपी—हरियाणा बॉर्डर पर स्थित यमुना नदी में ब्रिज के निकट गर्मी से राहत पाने को स्नान करने के लिए आए थे। बताया जाता है कि जब वह यमुना नदी में स्नान कर रहे थे, तभी श्यामू (19), राकेश (24) व पिंटू (30) गहरे कुंड की ओर पहुंच गए और डूब गए। उन्हें डूबता देख बाकी तीनों मजदूर यमुना के किनारे पर बाहर पहुंच गए। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिस पर कैराना पुलिस तथा हरियाणा के सनौली पुलिस मौके पर पहुंची। कैराना पुलिस ने प्राइवेट गोताखोर साजिद, दिलशाद, बिल्लू व अफजाल तथा हरियाणा पुलिस की ओर से भी गोताखोरों को यमुना नदी में सर्च अभियान में लगाया गया। उधर, हादसे की सूचना पर पानीपत से मजदूरों के परिजन भी पहुंच गए। बताया जाता है कि राकेश व पिंटू विवाहित हैं, जिनमें पिंटू के तीन और राकेश के एक बच्चा बताया गया है। हादसे से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। देर रात तक भी यमुना में डूबे मजदूरों का कोई सुराग नहीं लग सका।
==============--------------------------..............